मोखुंदा मैं खेत में टूटे बिजली तार की चपेट में आने से दुधारू गाय की मौत

News 11 राजस्थान ( बंशी माली गोवलिया )
रायपुर (मोखुंदा)
रायपुर उपखंड के मोखुंदा स्थित राजस्व ग्राम मानसिंहपुरा में विगत रात्रि एक दर्दनाक हादसा सामने आया। किसान डालू राम सालवी के खेत में लगी बिजली की डीपी का तार टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उनकी दुधारू गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान डालू राम सालवी अपने परिवार के साथ खेत में गेहूं की फसल की पिलाई में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक गाय के चिल्लाने की आवाज आई। पास जाकर देखा तो गाय बिजली के करंट की चपेट में आ चुकी थी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना प्रभारी शंभू दयाल मीणा मय पुलिस स्टाफ, पशु चिकित्सक डॉ सुबोध मिश्रा पशु चिकित्सा उपकेंद्र प्रभारी मनमोहन उपाध्याय तथा बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक द्वारा गाय का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया वहीं बिजली विभाग ने तुरंत प्रभाव से शटडाउन लेकर टूटे तार को दुरुस्त कराया। पुलिस द्वारा मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों के अनुसार मृत दुधारू गाय की अनुमानित कीमत करीब ₹30,000 बताई जा रही है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इस दौरान उप सरपंच गोवर्धन सुथार, बाबू सिंह राजपूत, डालू राम सालवी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी मोहम्मद अशरफ रंगरेज ने बताया कि इस हादसे के बाद पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ठंड और कोहरे के चलते पहले से ही पशुओं का जीवन प्रभावित हो रहा है, ऐसे में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए बड़ा खतरा बन रही है।
उल्लेखनीय है कि घटना के समय गांव के बाबू सिंह राजपूत ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी और बिजली कटवाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया। वहीं उप सरपंच गोवर्धन सुथार की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही।




