रायपुर में अवैध कोयला माफिया पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन
मोखुंदा में वर्षों से चल रहा काला कारोबार ध्वस्त, 60 अवैध भट्ठियां जमींदोज रायपुर/मोखुंदा

News 11 राजस्थान बंशी माली गोवलिया
रायपुर में अवैध कोयला माफिया पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन
मोखुंदा में वर्षों से चल रहा काला कारोबार ध्वस्त, 60 अवैध भट्ठियां जमींदोज
रायपुर/मोखुंदा
रायपुर प्रशासन ने पर्यावरण को तबाह करने वाले अवैध कोयला माफिया पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए मोखुंदा क्षेत्र में बुलडोजर चला दिया। निजी खातेदारी भूमि पर वर्षों से धड़ल्ले से चल रहे अवैध कोयला भट्ठी कारोबार को प्रशासन ने एक ही दिन में मिट्टी में मिला दिया।
मोखुंदा से तेलीखेड़ा मार्ग पर लंबे समय से अवैध रूप से संचालित इस काले धंधे के खिलाफ ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद आखिरकार प्रशासन ने ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया। जेसीबी की गड़गड़ाहट के साथ करीब 60 अवैध कोयला भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मीडिया प्रभारी मोहम्मद अशरफ रंगरेज ने बताया कि जब पूरा देश अरावली बचाओ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चला रहा है, तब कुछ लोग जंगल, जमीन और हवा को जहरीला बना रहे थे। यह कार्रवाई पर्यावरण अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है कि अब अवैध धंधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि अवैध कोयला भट्ठियों से ना सिर्फ जमीन पर कब्जा किया जा रहा था, बल्कि हवा, पानी और आसपास की खेती भी बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। वर्षों बाद प्रशासन की सख्ती से अब क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त होता नजर आ रहा है।
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान तहसीलदार भंवरलाल गिरदावर, रमेश चंद्र रेगर, पटवारी शीशराम, अर्जुन राम चौधरी, ग्राम पंचायत सचिव देवेंद्र सिंह राठौड़, सरपंच इंदिरा देवी रेगर, रायपुर थाना स्टाफ, मोखुंदा पुलिस चौकी स्टाफ मुकेश चौधरी सहित भारी पुलिस और प्रशासनिक जाब्ता मौके पर मौजूद रहा।
प्रशासन के इस बुलडोजर एक्शन से अवैध कोयला कारोबारियों में दहशत, वहीं मोखुंदा के ग्रामीणों में खुशी और राहत का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इसे पर्यावरण बचाने की दिशा में निर्णायक वार बताया है।



