आवासीय भूमि पट्टों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग, ग्रामीणों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी

News 11 राजस्थान बंशी माली गोवलिया
गंगापुर (भीलवाड़ा) ग्राम पंचायत खाखला के जागरूक ग्रामीणों ने कथित रूप से आवासीय भूमि पर जारी पुराने पट्टों में अनियमितताओं और सरकारी भूमि हड़पने के आरोपों को लेकर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) गंगापुर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा दोषी सरपंच और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए परिवारजनों के नाम पर करीब 15 पुराने पट्टे जारी किए गए। उन्होंने दावा किया कि विवादित भूमि सरकारी आवादी भूमि थी, जिसे कथित रूप से कूटरचना और धोखाधड़ी के माध्यम से हड़पा गया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि इस मामले में ऑडिट विभाग को वर्षों से कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे राजस्व विभाग को नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले की जांच पिछले सात माह से चल रही है और 18 मई 2026 तक जांच पूरी होने के बावजूद रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। उनका आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते रिपोर्ट को दबाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने चार प्रमुख मांगें रखते हुए विवादित 15 पट्टों को तत्काल निरस्त करने, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तथा राजस्व हानि की भरपाई के लिए संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की मांग की है।
मांगें पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने 5 से 7 जुलाई के बीच एसडीएम कार्यालय परिसर में दो दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल और सत्याग्रह आंदोलन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।




