Uncategorized

अग्निवीर बनकर लौटे युवा का ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत, 15 किलोमीटर निकाला विजय जुलूस

News 11 राजस्थान बंशी माली गोवलिया

पोटलां। कस्बे के निकटवर्ती गांव ‘करण सिंह जी की खेड़ी’ में उस समय खुशी का माहौल छा गया, जब गांव का लाड़ला भारतीय सेना में ‘अग्निवीर’ के रूप में चयनित होकर पहली बार अपने घर लौटा। ग्रामीण अपनी मिट्टी के लाल की इस उपलब्धि पर फूले नहीं समाए और उन्होंने युवा का ऐतिहासिक स्वागत किया।

 

युवा रणजीत सिंह राठौड़ के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने इसे एक उत्सव की तरह मनाया। अग्निवीर का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा गंगापुर पहुंचे वहां से बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर एक विशाल विजय जुलूस निकाला गया। यह जुलूस सहाड़ा, पोटलां, सातलियास होते हुए करण सिंह जी की खेड़ी तक लगभग 15 किलोमीटर लंबा रहा। इस दौरान युवा को खुली जीप में बैठाकर पूरे क्षेत्र में घुमाया गया, जिससे वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

 

जुलूस के दौरान रास्ते भर ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर अग्निवीर का भव्य अभिनंदन किया। गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर और तिलक लगाकर युवा का घर पर स्वागत किया। इस गौरवमयी पल में गांव के बुजुर्गों ने भी युवा को आशीर्वाद दिया और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।

 

ग्रामीणों ने कहा कि ‘करण सिंह जी की खेड़ी’ के इस युवा ने न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अग्निवीर के रूप में उसका चयन अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा और क्षेत्र के बच्चों में देश सेवा के प्रति उत्साह पैदा करेगा।

इस अवसर पर उसके दादा जी ठाकुर केसर सिंह, पिताजी गोपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, बसंत खारोल, शेरू बन्ना, मदन जाट, शिव जाट, निर्मल सुराणा, विमल सुराणा, विशाल सिंह, साहिल खान, अरबाज खान, छोटू सिंह, रतन सिंह, पप्पू सिंह, रूप सिंह, शुभम रांका, महेंद्र सिंह सहित गांव के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा साथी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!