Uncategorized

ग्रामीण सेवा शिविर-2026 : ग्राम पंचायत कोशीथल में विभिन्न योजनाओं से ग्रामीण हुए लाभान्वित, जन समस्याओं का प्राथमिकता से हो रहा समाधान

News 11 राजस्थान बंशी माली गोवलिया

राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी “ग्रामीण सेवा शिविर-2026” के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोशीथल में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा समन्वित रूप से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक पहुंचाया गया तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया गया। शिविर में  विधायक उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

शिविर के दौरान ग्राम कोशीथल निवासी नानी देवी पत्नी  नानू नाथ को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवास के निर्माण पूर्ण होने पर तीनों किश्तों की कुल ₹1.20 लाख की सहायता राशि, शौचालय प्रोत्साहन राशि तथा मनरेगा के तहत 90 दिवस की मजदूरी राशि प्राप्त होने से उन्हें सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध हो सका।

 

पंचायतीराज विभाग द्वारा ग्राम के 07 पुश्तैनी मकानों के पट्टे जारी कर ग्रामीण परिवारों को स्वामित्व अधिकार प्रदान किए गए। कृषि विभाग ने चार महिला कृषकों को मूंग मिनीकिट वितरित कर उन्नत खेती को प्रोत्साहित किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को पोषण किट उपलब्ध कराई गईं, जिससे कुपोषण नियंत्रण एवं स्वास्थ्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा।

 

पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को मंगला पशु बीमा पॉलिसियां वितरित कर पशुधन सुरक्षा एवं आर्थिक संबल प्रदान किया गया। वहीं राजस्व विभाग द्वारा ग्रामीणों के हित में बंटवारा प्रस्ताव तैयार किए गए, जिससे भूमि संबंधी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण का मार्ग प्रशस्त होगा।

 

ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अनेक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!