कमान फिर दुर्गा देवी के हाथ, नारायण खेड़ा में बदलेगा विकास का गियर

रायपुर (भीलवाड़ा)। ग्राम पंचायत नारायण खेड़ा में प्रशासनिक उठापटक के बीच बड़ा फैसला सामने आया है। जिला परिषद भीलवाड़ा के आदेशों की पालना में दुर्गा देवी जाट ने एक बार फिर प्रशासक पद की कमान संभाल ली है। पंचायत कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण के साथ ही गांव की सियासी और विकास हलचल तेज हो गई है।
कार्यभार ग्रहण के दौरान पंचायत परिसर में उत्साह और उम्मीदों का माहौल नजर आया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों की भारी मौजूदगी के बीच दुर्गा देवी जाट का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने साफ कहा — अब रुके हुए विकास कार्यों को जमीन पर उतरते देखने का समय है।
कार्यभार संभालते ही दुर्गा देवी जाट ने सख्त और स्पष्ट संदेश दिया कि पंचायत क्षेत्र में पारदर्शिता, तेज विकास और जनहित पर फोकस रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा और आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
इस मौके पर कला देवी, सुमित्रा देवी, चेतना देवी, नर्मदा देवी, लक्ष्मण कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में नारायण खेड़ा में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंचेगा।
रिपोर्ट: प्रकाश चंद्र, भीलवाड़ा




