खारवाल समाज छात्रावास के लिए बड़ी पहल: 1500 वर्गमीटर जमीन आवंटन अंतिम चरण में, 40 लाख जुटाने का लक्ष्य

कोटा। खारवाल खारोल समाज समिति, कोटा संभाग द्वारा छात्रावास निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। बुधवार, 8 अप्रैल को समिति के प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय अध्यक्ष सत्यनारायण खारवाल के नेतृत्व में कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) के सचिव मुकेश चौधरी से मुलाकात कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
बैठक में कोटा शहर की मुकुंदरा विहार स्पेशल आवासीय योजना के OCF-1 क्षेत्र में समाज के छात्रावास निर्माण हेतु 1500 वर्गमीटर भूमि के शीघ्र आवंटन को लेकर चर्चा हुई। सचिव ने अवगत कराया कि KDA स्तर पर भूमि आवंटन से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूर्ण हो चुकी हैं।
अब सरकारी नियमों के तहत संस्था को DPR (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) के अनुसार प्रोजेक्ट लागत का 30% हिस्सा जमा करना अनिवार्य है। इस पर समिति पदाधिकारियों ने त्वरित निर्णय लेते हुए लगभग 40 लाख रुपए की राशि आपसी सहयोग से जुटाकर 15 अप्रैल तक बैंक खाते में जमा करने का प्रस्ताव पारित किया।
मुलाकात के बाद यूआईटी कैंटीन में आयोजित बैठक में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर समाजहित में इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने का संकल्प लिया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख सदस्य:
संभागीय अध्यक्ष सत्यनारायण खारवाल, संरक्षक रामरतन खारवाल (बोरखंडी), महामंत्री रामू खारवाल, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश खारवाल, जिला अध्यक्ष रमेशचंद्र डोडिया, संगठन मंत्री बालचंद खारवाल, युवा जिला अध्यक्ष निर्मल खारोल, सचिव रामनाथ खारवाल, सह-सचिव रमेशचंद खारवाल (जगन्नाथपुरा) सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रकाश चंद्र खारोल



