गंगापुर में होटलों पर संयुक्त टीम की छापेमारी, 8 सिलेंडर जप्त
गंगापुर में होटलों पर संयुक्त टीम की छापेमारी, 8 सिलेंडर जप्त
गंगापुर (दिनेश लक्षकार) आवश्यक वस्तु अधिनियम के उल्लंघन के मामले में पुलिस और प्रवर्तन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के दो होटल-रेस्टोरेंटों पर छापेमारी की। जांच के दौरान घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित एलपीजी सिलेंडरों को व्यावसायिक कार्यों (किचन में खाना बनाने) में इस्तेमाल करते पाया गया, जिसके चलते कुल 8 सिलेंडर जब्त कर लिए गए।जानकारी के अनुसार, थानाप्रभारी लीलाधर मालवीय के नेतृत्व में संयुक्त जांच दल ने अस्पताल रोड स्थित ‘दाना-पानी रेस्टोरेंट’ पर छापा मारा, जहां किचन में 3 घरेलू गैस सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में लगे मिले। इसी तरह, गैरूड़ी मंगरी हाईवे पर स्थित ‘ए वन होटल’ में 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। दोनों मामलों में सिलेंडरों को होटल के व्यावसायिक किचन में इस्तेमाल किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है।प्रवर्तन निरीक्षक खान मोहम्मद द्वारा इन दोनों मामलों की जांच आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत की जा रही है। टीम में एएसआई कैलाश चंद्र भी मौजूद रहे। राजस्थान सहित देशभर में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता और आपूर्ति पर संकट के बीच घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक दुरुपयोग रोकने के लिए सख्ती बरती जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पकड़े जाने पर सिलेंडर जब्ती के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी होगी।




