फिल्म कलाकार का फोन हैक, ऐआई की तकनीकी से बनाई अश्लील फोटो भेजकर ठगी की कोशिश
सहाड़ा गोवलिया ग्राम पंचायत के गोवलिया खेड़ा से

सहाड़ा गोवलिया ग्राम पंचायत के गोवलिया खेड़ा से
भीलवाड़ा जिले के गोवलिया क्षेत्र के गोवलिया खेड़ा मूल निवासी और मुंबई में फिल्म फोटोग्राफी व अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय कलाकार देव राव साइबर अपराध का शिकार हो गए। साइबर हैकर्स ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उनके परिचितों व परिवार से जुड़ी महिलाओं की फर्जी नग्न व अश्लील तस्वीरें तैयार कर व्हाट्सएप ग्रुप्स और जान-पहचान वालों को भेज दीं। इसके साथ ही कुछ लोगों से पैसों की मांग कर ठगी का प्रयास भी किया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही देव राव ने तुरंत एक संदेश के माध्यम से अपने सभी मित्रों और परिचितों को सतर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके मोबाइल या सोशल मीडिया से आने वाले किसी भी मैसेज, फोटो या पैसे की मांग पर भरोसा न करें, क्योंकि उनका अकाउंट हैक हो चुका है।
देव राव मुंबई में बॉलीवुड और अन्य फिल्म प्रोजेक्ट्स से जुड़े हुए हैं। वह लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और इलाज के साथ अपने करियर को संभालने का प्रयास कर रहे हैं। इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से काफी आहत और परेशान बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद मुंबई पुलिस ने उनका मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। देव राव ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए साइबर सेल से विस्तृत जांच की मांग की है।
देव राव की अपील:
“सभी दोस्तों और परिचितों से निवेदन है कि मेरे या मेरे परिवार के नाम से आने वाले किसी भी संदेश, फोटो या पैसे मांगने वाले मैसेज पर ध्यान न दें। यह पूरी तरह फर्जी है। कृपया सतर्क रहें।”
साइबर चेतावनी (जनहित में):
अनजान या संदिग्ध फोटो/वीडियो को तुरंत डाउनलोड या शेयर न करें
किसी के नाम से आए पैसे मांगने वाले मैसेज की पहले फोन पर पुष्टि करें
ऐसे मामलों की तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत करें
रिपोर्ट: प्रकाश चंद्र, भीलवाड़ा




