गंगापुर में आदिवासी किसान मजदूर संयुक्त एकता सभा की विशाल बैठक, ज्वलंत मुद्दों पर प्रशासन को चेताया

गंगापुर। आदिवासी किसान मजदूर संयुक्त एकता सभा के तत्वावधान में शनिवार, 28 फरवरी 2026 को भीलराणा पूंजा भवन, उल्लाई चौराहा, गंगापुर में एक विशाल सभा का आयोजन किया गया। सभा में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया
सभा में आदिवासियों की जमीनों पर हो रही अवैध माइनिंग, जमीन अलॉटमेंट में अनियमितताओं, बढ़ते अत्याचारों पर रोक, वर्षों से खेती कर रहे आदिवासी परिवारों को धारा 91 के तहत भूमि का अलॉटमेंट, वन क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों को भूमि अधिकार, सिलिकोसिस जैसी बीमारियों से पीड़ित मजदूरों को उचित उपचार व मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित परिवारों को लाभ दिलाने तथा एससी/एसटी एक्ट के मामलों में पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोत कांति भाई (डूंगरपुर) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में विधायक जयकृष्ण पटेल, विधायक थावरचंद डामोर, भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकुमार, कैलाश भील, रायमल भील, शिवलाल, नंदलाल भील (उल्लाई), तहसील युवा अध्यक्ष तेजू सालेरा तथा महासचिव गोवर्धनलाल भील शामिल रहे।
इस अवसर पर विधायक थावरचंद डामोर ने आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों पर चिंता व्यक्त करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक जयकृष्ण पटेल ने कहा कि सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ जंगल क्षेत्र में रह रहे आदिवासी भील समाज के परिवारों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिसके लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकुमार ने भी सिलिकोसिस से पीड़ित मजदूरों और उनके परिवारों के लिए समुचित जांच व्यवस्था की मांग की। उन्होंने कहा कि गंगापुर अस्पताल में सिलिकोसिस की नियमित जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा एक विशेष सिलिकोसिस केंद्र खोला जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर उपचार और मुआवजा मिल सके।
सभा के अंत में संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




